राहुल गांधी और उनकी मां ने कभी रामायण पढ़ी हो तो वह जानें कि रामजी काल्पनिक थे या भगवान : बेबी रानी मौर्य

मुरादाबाद, 04 मई (हि.स.)। राहुल गांधी और उनकी मां ने कभी रामायण पढ़ी हो तो वह जानें कि रामजी काल्पनिक थे या भगवान। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सबको साथ लेकर चले, सभी को एकता के सूत्र में पिरोया। हमारे भगवान राम कभी काल्पनिक नहीं हो सकते। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में महिला बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने रविवार को मुरादाबाद में पत्रकारों से बात करते हुए कहीं। हाल ही में राहुल गांधी का एक वीडियो जारी हुआ है जिसमें वह भगवान राम को काल्पनिक बता रहे है।

मुरादाबाद में नन्ही सी चिड़िया ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बेबी रानी मौर्य ने आगे कहा कि अखिलेश यादव के कहने से भारतीय जनता पार्टी दलित विरोधी नहीं हो सकती, समाजवादी पार्टी दलित विरोधी है। पहली दलित महिला मुख्यमंत्री बनाने का श्रेय भारतीय जनता पार्टी को है। मायावती को पहली बार भाजपा ने ही मुख्यमंत्री बनाया था। आज अगर आदिवासी समाज से आने वाली महिला राष्ट्रपति के रूप में शीर्ष पद पर बैठी है तो वह भाजपा की वजह से ही संभव है। हाल ही में समाजवादी पार्टी द्वारा जारी बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मिलाजुला पोस्टर जारी होने पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सदियां बीत जाएंगी तो भी अखिलेश यादव डॉक्टर भीमराव अंबेडकर नहीं बन सकते। चाहे वह कितने ही जन्म ले लें।

इस दौरान मुरादाबाद नगर विधानसभा से भाजपा विधायक रितेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शेफाली सिंह चौहान, भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की महानगर संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights