qatar-oman-harmuz-transit

दोहा, 30 जून (हि.स./आरआईए नोवोस्ती)। कतर ने मंगलवार को दावा किया कि वह ओमान के साथ मिलकर होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही की व्यवस्था को लेकर तालमेल बिठा रहा है।

रूस की प्रमुख समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक कतर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हम होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों पर ओमान के साथ तालमेल बिठा रहे हैं और जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही और इसके पानी को बारूदी सुरंगों से मुक्त करना कतर की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित समुद्री आवाजाही सभी का अधिकार है और जलडमरूमध्य को बंद करना या आवाजाही की सुरक्षा के लिए खतरा स्वीकार्य नहीं है।

उल्लेखनीय है कि ईरान ने जून के मध्य में कहा था कि वह जलडमरूमध्य में शिपिंग के लिए नया कानूनी ढांचा तैयार करने के लिए ओमान के साथ काम कर रहा है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने दावा किया था कि अमेरिका-इजराइल हमले के बाद हालात पहले जैसे नहीं रहेंगे। ईरान का तर्क है कि वह सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सेवाओं का शुल्क लेगा।

हालांकि 18 जून को अमेरिका के साथ समझौते पर सहमति बनने के बाद ईरान ने 60 दिनों तक जहाजों से कोई शुल्क नहीं लेने का वादा किया।

————–

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights