presidete-telangana-statehood

नई दिल्ली, 02 जून । तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने राज्य की जनता को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य, निरंतर विकास और समृद्धि की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने एक्स पोस्ट में तेलंगाना के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कर्मठ नागरिकों से संपन्न है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना ने नवाचार और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा राज्य के लोगों के निरंतर कल्याण और उन्नति की कामना की।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि तेलंगाना अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवंत परंपराओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों की रचनात्मकता, नवाचार, परिश्रम और दृढ़ता ने देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने इस अवसर को विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की प्रेरणा बताया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तेलंगाना को विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, जीवंत परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य वाला राज्य बताते हुए कहा कि स्थापना दिवस राज्य की विकास यात्रा और उपलब्धियों का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में उन्नति, सौहार्द और समृद्धि की कामना की।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि तेलंगाना अपनी जीवंत संस्कृति और उद्यमशीलता की भावना के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने राज्य की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि इसकी उपलब्धियां भारत के गौरव को और बढ़ाएंगी।

केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने तेलंगाना स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि समृद्ध विरासतों और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण यह राज्य विकास और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बढ़ने की कामना की।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तेलंगाना की अनुपम कला-संस्कृति, समृद्ध विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य निरंतर विकास और प्रगति के मार्ग पर गतिमान रहे तथा सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली का विस्तार हो।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, लोक परंपराओं और विविधता को नमन करते हुए राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि तेलंगाना अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवंत जनभावना के लिए जाना जाता है। उन्होंने राज्य की निरंतर प्रगति तथा नागरिकों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना गठन दिवस को भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बताते हुए कहा कि राज्य का निर्माण लाखों लोगों के संघर्ष, त्याग और आकांक्षाओं का परिणाम है। उन्होंने तेलंगाना आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार “प्रजाला तेलंगाना” के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और कर्मठता की सराहना करते हुए राज्य की निरंतर प्रगति की कामना की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तेलंगाना को गौरवशाली इतिहास, जीवंत लोक परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य से संपन्न राज्य बताते हुए प्रदेश की निरंतर उन्नति और खुशहाली की की कामना की।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights