लाल किले पर आयोजित मुख्य राजकीय कार्यक्रम के अनुमानित शेड्यूल के अनुसार, लाहौरी गेट पर प्रधानमंत्री मोदी का आगमन सुबह लगभग सवा सात बजे होगा। इससे पहले रक्षा मंत्रालय के तमाम अधिकारी पहुंचेंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी उनके आगमन से पहले मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, थलसेना, वायुसेना और नौसेना के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। समारोह को यादगार बनाने के लिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्षा मंत्रालय ने लाल किले की सजावट में तिरंगे के रंगों वाले फूलों का इस्तेमाल किया है।
प्रधानमंत्री मोदी 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में लाल किले की प्राचीर से संबोधित भी करेंगे। अपने आवास से रवाना होने के बाद वो राष्ट्रीय समर स्मारक जाएंगे। बलिदानी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद लाल किले पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे। वो लगातार 13वीं बार लाल किले पर ध्वजारोहण करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भाषण के विषयों को लेकर सुझाव आमंत्रित किए गए थे। पहली बार लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगान- जन गण मन से पहले राष्ट्रीय गीत- वंदे मातरम गाया जाएगा।
