नीरज प्रजापति

अभ्यर्थियों की सुरक्षित एंट्री से लेकर यातायात व्यवस्था तक का लिया जायजा, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत, एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार।

मुजफ्फरनगर। PET परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। परीक्षा देने पहुंचने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और सड़कों पर यातायात का दबाव नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन शुक्रवार को स्वयं परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में चल रही तैयारियों के तहत अमृत जैन ने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी परखी। उन्होंने प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। प्रत्येक अभ्यर्थी की नियमानुसार जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें। प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी कराई जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी सतर्कता और निष्पक्षता से निभाने की हिदायत दी। परीक्षा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से अभ्यर्थियों के पहुंचने के कारण प्रमुख मार्गों और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए अमृत जैन ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और आम नागरिकों की आवाजाही भी प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को बिना किसी अव्यवस्था, बाधा और अप्रिय घटना के संपन्न कराना है। इसके लिए केंद्रों पर सुरक्षा निगरानी से लेकर यातायात प्रबंधन तक पुलिस की सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights