नीरज प्रजापति

ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर किसानों की नींद उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, लवकुश और सरताज गिरफ्तार; बाइक, तमंचा और चोरी के उपकरण बरामद

मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में ट्यूबवेलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर सक्रिय पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में सलीम नाम का बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों लवकुश और सरताज को पुलिस ने घेराबंदी और कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बुढ़ाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर उपकरण चोरी किए जाने की घटनाएं सामने आ रही थीं। खेतों में लगे ट्यूबवेलों से कीमती सामान चोरी होने के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान पुलिस की गोली सलीम को जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी तेज कर दी। अंधेरे और आसपास के क्षेत्र का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहे उसके दो साथियों लवकुश और सरताज को पुलिस टीम ने कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से एक बाइक, तमंचा तथा ट्यूबवेलों से चोरी किए गए उपकरण बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने बुढ़ाना क्षेत्र में कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights