अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और फरियादियों की कराई स्वगणना, जनगणना-2027 में भागीदारी बढ़ाने पर जोर।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। तहसील समाधान दिवस में शनिवार को जनसमस्याओं की सुनवाई और शिकायतों के निस्तारण के बीच जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए स्वगणना अभियान ने भी जोर पकड़ा। प्रशासन ने समाधान दिवस में पहुंचे अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और शिकायतकर्ताओं को स्वगणना कराकर राष्ट्रीय जनगणना अभियान से जोड़ने की पहल की। उद्देश्य साफ है कि जनगणना की प्रक्रिया केवल सरकारी जिम्मेदारी न रहकर जनभागीदारी का अभियान बने। तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस विभाग के इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मियों की स्वगणना कराई गई। इसके साथ ही समाधान दिवस में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी इस प्रक्रिया से जोड़ा गया। अपनी समस्याएं लेकर तहसील पहुंचे फरियादियों को भी स्वगणना के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। शिकायतों के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के सामने पहुंचे लोगों को जनगणना अभियान का सहभागी बनाते हुए उनसे स्वयं तथा परिवार के सभी सदस्यों की स्वगणना कराने की अपील की गई।

अधिकारियों ने लोगों को बताया कि जनगणना-2027 देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक परिवार और नागरिक की सहभागिता बेहद अहम है। स्वगणना के माध्यम से लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। प्रशासन की कोशिश है कि अधिक से अधिक लोग समय रहते स्वगणना पूरी कर जनगणना अभियान को मजबूती प्रदान करें।

तहसील समाधान दिवस जैसे जनसंपर्क के बड़े मंच पर स्वगणना अभियान चलाकर प्रशासन ने सरकारी कर्मचारियों से लेकर आम शिकायतकर्ताओं तक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया। जनगणना में जनभागीदारी बढ़ाने और मुजफ्फरनगर को स्वगणना अभियान में बेहतर उपलब्धि दिलाने के लिए अधिकारियों ने लोगों से आगे आने की अपील की। अब प्रशासनिक प्रयासों के साथ आमजन की सहभागिता इस अभियान की सफलता का आधार बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights