भूम्मा चौकी के पास शव मिलने से इलाके में मचा हड़कंप, परिजनों में कोहराम, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। पांच दिनों से जिस युवक की तलाश में परिजन उम्मीद लगाए बैठे थे, मंगलवार को उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। मीरापुर थाना क्षेत्र में भूम्मा चौकी के समीप एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, अमित पिछले पांच दिनों से लापता था। परिजन और परिचित लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। मंगलवार को भूम्मा चौकी के पास पेड़ से लटका शव देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मीरापुर थाना पुलिस और भूम्मा चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मौत के पीछे क्या है वजह, जांच के बाद खुलेगा राज
पांच दिनों से लापता युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
