north-west-murder-case

नई दिल्ली, 16 अगस्त । उत्तर पश्चिमी जिले के आदर्श नगर थाना पुलिस ने आजादपुर के लालबाग झुग्गी इलाके में हुई हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपितों को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने वारदात के बाद आरोपितों का करीब 550 किलोमीटर तक पीछा किया और उन्हें उत्तराखंड में छप्पर टोल नाका के पास किराये की कार में जाते समय दबोच लिया। आरोपितों के कब्जे से किराये की एक पंच कार और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में अमन उर्फ मुल्ला और अनुज उर्फ मोनी शामिल हैं। अनुज जहांगीरपुरी थाने के एक अन्य हत्या के मामले में भी वांछित था।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात आदर्श नगर थाना क्षेत्र के लालबाग झुग्गी इलाके में चाकू से हमला और गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घायल युवक को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पेट और पीठ पर गोली लगने के निशान थे। पीठ पर चाकू से हमला किए जाने की चोट भी मिली थी।

मौके पर मिले प्रत्यक्षदर्शी साहिल ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11:30 बजे वह मृतक के साथ अपने घर के पास मौजूद था। दोनों जब नजदीकी दुकान की ओर गए तो वहां अमन उर्फ मुल्ला अपने एक साथी के साथ मिला। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोपितों ने उन्हें धमकी दी और वहां से चले गए। कुछ देर बाद जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी आरोपित दोबारा वहां पहुंचे और गोली चला दी। साहिल किसी तरह बच निकला, जबकि उसके साथी को गोली और चाकू लगा।

मामले में आदर्श नगर थाने में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी के साथ मानव स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की। जांच में अमन के साथ वारदात में शामिल दूसरे आरोपित की पहचान अनुज उर्फ मोनी के रूप में हुई। जांच के दौरान पता चला कि वह जहांगीरपुरी थाने में दर्ज एक अन्य हत्या के मामले में भी वांछित है।

पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने रविवार को बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपित दिल्ली से निकलकर हरिद्वार की तरफ भागे हैं। इसके बाद टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर पीछा शुरू किया। आरोपित लगातार अपना ठिकाना और रास्ता बदल रहे थे, लेकिन पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मैदानी सूचना को जोड़कर उनका पीछा जारी रखा। करीब 550 किलोमीटर की लगातार कार्रवाई के बाद दोनों को उत्तराखंड के छप्पर टोल नाका के पास किराये की पंच कार में पकड़ लिया गया।

पुलिस के मुताबिक अमन उर्फ मुल्ला लालबाग, आजादपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह साहिब सलमानी ब्रदर गैंग से जुड़ा बताया गया है। वहीं अनुज उर्फ मोनी जहांगीरपुरी का रहने वाला है और उसके खिलाफ 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर वारदात में उनकी पूरी भूमिका और अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights