पुलिस पर बरसाईं गोलियां, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली; चोरी की स्कूटी, तमंचा और कारतूस बरामद, डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमों का निकला हिस्ट्रीशीटर
मुजफ्फरनगर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नई मंडी थाना पुलिस ने मंगलवार को एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर, चोर और लुटेरे तालिब को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर भागने की कोशिश करने वाले बदमाश को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी और उसका फरार होने का मंसूबा मौके पर ही ध्वस्त हो गया। गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी, 315 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र में चौकी बागोवाली के सामने एनएच-58 पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मेरठ की ओर से स्कूटी पर आता एक युवक पुलिस को देखकर अचानक रास्ता बदलकर कच्चे मार्ग की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो कुछ दूरी पर भट्टे के सामने उसकी स्कूटी फिसल गई। इसके बाद वह स्कूटी छोड़कर ईख के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने कई बार चेतावनी देते हुए आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन बदमाश लगातार गोलियां चलाता रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तालिब पुत्र महबूब निवासी ककराला, थाना भोपा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक चोरी की स्कूटी, 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। बरामद स्कूटी के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि तालिब लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर के भोपा, ककरौली और कोतवाली नगर थानों में भी उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी भी जुटा रही है।
इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बिना किसी पुलिसकर्मी को नुकसान पहुंचे एक खतरनाक अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
नई मंडी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है, जबकि बरामद हथियार और चोरी की स्कूटी को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
