नीरज प्रजापति
न्यू रूड़की रोड के हाईलॉस फीडर सरवट क्षेत्र में विभागीय टीम की छापेमारी से मचा हड़कंप, मीटर केबल में कट लगाकर हो रही थी बिजली चोरी; 16 किलोवाट का अवैध विद्युत भार पकड़ा, सात उपभोक्ताओं पर एफआईआर।
मुजफ्फरनगर। शहर में बिजली चोरी के जरिए विभाग को राजस्व का चूना लगाने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के निर्देशन में हाजीपुरा क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान बिजली चोरी का बड़ा मामला सामने आया। जांच में सात उपभोक्ता मीटर की केबल में कट लगाकर अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल करते पाए गए। विभाग ने सभी सात मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 के तहत कार्रवाई करते हुए एंटी पावर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में खलबली मच गई।
हाईलॉस फीडर बना निशाने पर, हाजीपुरा में चला चेकिंग अभियान।
कुलदीप सिंह अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड वाणिज्य-2 मुजफ्फरनगर ने बताया कि विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने और लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र न्यू रूड़की रोड से जुड़े चिन्हित हाईलॉस फीडर सरवट के अंतर्गत की गई। इस फीडर पर लाइन लॉस 25 प्रतिशत दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए हाजीपुरा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान टीम ने कनेक्शनों और मीटर केबल की जांच की, जिसमें सात उपभोक्ताओं द्वारा कथित रूप से केबल में कट लगाकर बिजली चोरी किए जाने का खुलासा हुआ। इस दौरान जांच में इन मामलों में कुल 16 किलोवाट विद्युत भार का अवैध उपयोग सामने आया। विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुलदीप सिंह अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड वाणिज्य-2 मुजफ्फरनगर ने बताया कि बिजली चोरी से न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि इसका असर विद्युत व्यवस्था और ईमानदारी से बिल चुकाने वाले उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है। मुख्य अभियंता (वितरण) विनोद कुमार और अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में सहायक अभियंता (रेड) अक्षय कुमार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कार्रवाई की। टीम में अवर अभियंता दिलीप यादव और अवर अभियंता अखिलेश कुमार सरोज शामिल रहे। टीम ने मौके पर जांच कर बिजली चोरी से जुड़े मामलों को चिह्नित किया और नियमानुसार कार्रवाई आगे बढ़ाई।
बिजली चोरी पर सख्ती, उपभोक्ताओं से विभाग की अपील।
अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली का इस्तेमाल केवल वैध और अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से करें। मीटर या केबल से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली बिल का भुगतान समय पर करने का भी आग्रह किया, ताकि विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने में मदद मिल सके।
