मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। थाना मंडी पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं। थाना मण्डी प्रभारी वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को आली की चुंगी निवासी गुलशेर अहमद और चांद कॉलोनी निवासी शुएब ने अपनी-अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में थाना मंडी में शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देश पर वाहन चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा थाना मंडी के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने शकलापुरी रोड स्थित जुलमगढ़ की पुलिया के पास कूड़ाघर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान शोभित उर्फ शोबी निवासी सम्राट विक्रम कॉलोनी, थाना मंडी, सहारनपुर (स्थायी पता वर्धमान कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर) और जावेद इकबाल निवासी मोहल्ला बंजारान, कस्बा नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और 2200 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर पहले से दर्ज मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। इसके अलावा थाना मंडी में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights