करीब एक दशक पुराने मुकदमे के वारंटियों से लेकर लूट और गौवध के मामलों में वांछित आरोपियों तक पर कसा शिकंजा।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। न्यायालय के आदेशों की अनदेखी कर गिरफ्तारी से बच रहे वारंटियों के खिलाफ भोपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 10 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में फरार वारंटियों के बीच हड़कंप मच गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आठ वर्ष पुराने मुकदमे से संबंधित वारंटी भी शामिल हैं, जबकि कुछ आरोपी लूट, गौवध और मारपीट जैसे मामलों में न्यायालय से जारी वारंट के चलते पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में जनपद में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी भोपा राधारमण सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी आशुतोष कुमार की टीम ने 26 नवंबर को यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए वारंटियों में पोपीन, तिरसराम, चन्द्रशेखर, हरेन्द्र, सतेन्द्र, सूरजभान और आशाराम के खिलाफ वर्ष 2017 के मुकदमे में वारंट जारी थे। ये सभी मारपीट, बलवा, आगजनी और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट से संबंधित मामले में न्यायालय के समक्ष पेश नहीं हो रहे थे। वहीं महबूब के खिलाफ मारपीट एवं नुकसान पहुंचाने से संबंधित मामले में वारंट था। इसके अलावा सीकरी निवासी यामीन उर्फ ताती गौवध निवारण अधिनियम के मामले में तथा निरगाजनी निवासी उमरेश लूट और चोरी का सामान बरामद होने से संबंधित मुकदमे में जारी वारंट के चलते गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक चौधरी और उपनिरीक्षक श्रीनिवास ने अपनी टीमों के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनके साथ कांस्टेबल चन्द्रशेखर यादव, रोबिन सिंह, अरविन्द कुमार और विनोद कुमार भी शामिल रहे।भोपा पुलिस अब सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। एक साथ दस वारंटियों की गिरफ्तारी को न्यायालय के आदेशों के अनुपालन और फरार आरोपियों पर पुलिस के बढ़ते शिकंजे के रूप में देखा जा रहा है।
