अधिक से अधिक बैंकिंग विवादों के निस्तारण की तैयारी तेज, शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक कर वाद चिह्नित करने और आपसी सहमति से मामलों का निपटारा कराने के निर्देश।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। बैंकिंग विवादों और लंबित मामलों के बोझ को कम करने के साथ आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक बैंक संबंधी वादों का निस्तारण कराने के लिए बैंक अधिकारियों को सक्रिय कर दिया गया है। खास तौर पर ऐसे मामलों को प्राथमिकता से चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनका निपटारा आपसी सहमति और समझौते के आधार पर संभव है। इसी सिलसिले में शुक्रवार, 27 नवंबर को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने अपने विश्राम कक्ष में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक बैंकिंग मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के पत्रांक संख्या 87 एसएलएसए – 02/2026, 8 जनवरी 2026 के अनुपालन में 12 दिसंबर 2026, द्वितीय शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के दिशा-निर्देशों के तहत संपन्न होगा। बैठक में शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने बैंकों में लंबित मामलों की समीक्षा करें तथा ऐसे वादों की सूची तैयार करें, जिनका निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराया जा सकता है। संबंधित पक्षकारों से समय रहते संपर्क स्थापित कर उन्हें समझौते के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि लोक अदालत के दिन अधिक से अधिक मामलों का प्रभावी ढंग से निस्तारण हो सके। बैठक में शाखा प्रबंधक मनोरमा, सुप्रिया इक्का, आनंद कुमार, उना शर्मा, संजय कुमार शर्मा, निखिल कुमार सहित विभिन्न बैंकों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सहमति से निस्तारित होने वाले पात्र मामलों में पक्षकारों को लंबी अदालती प्रक्रिया से राहत मिलती है। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है। लोक अदालत में समझौते के आधार पर पारित अवार्ड को विधिक मान्यता प्राप्त होती है और सामान्यतः उसके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं होता।
