जौनपुर, 19 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित सहावै गांव में बुधवार दोपहर कच्चा मकान गिरने से मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
मृतकों की पहचान सहावै गांव निवासी ज्ञानती देवी (40) और उनकी 12 वर्षीय बेटी अंबिका के रूप में हुई है। ज्ञानती देवी अपनी बेटी के साथ कच्चे मकान में बैठी थीं। इसी दौरान अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों मलबे में दब गईं।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर मां-बेटी को बाहर निकाला। दोनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, अंबिका को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि ज्ञानती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
ज्ञानती देवी के पति बिंदु राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके चार बेटियां और दो बेटे हैं। अंबिका छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर थी और गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती थी। हादसे में एक बकरी की भी मौत हो गई।
