monsoon-arrives-in-delhi

नई दिल्ली, 02 जुलाई । मानसून दिल्ली के करीब पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में रात को हुई बरसात से पारा नीचे गिरा है। मंडी हाउस में तेज छीटों के गिरने से कुछ ही देर में मौसम सुहावना हो गया। गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत महसूस की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आज आसमान में बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताया है।

आईएमडी के अनुसार, बुधवार को पिछले 24 घंटे में 5.7 डिग्री पारा गिरा है। बुधवार को सफदरजंग मानक केंद्र में 0.1 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 48 प्रतिशत रही। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 2 से 7 जुलाई के बीच मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञान विभाग की भविष्यवाणी है कि 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसका असर देर रात या फिर 3 जुलाई की सुबह देखने को मिल सकता है। इस अवधि में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

विभाग ने कहा कि 2 जुलाई को तापमान 34 से 36 डिग्री तक रहने का अनुमान है। आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। कहा है कि 4, 5, 6 और 7 जुलाई को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। अधिकतम 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिन बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। यही नहीं,अगले दो-तीन दिन के भीतर मानसून दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच जाएगा। इस बार मध्य व उत्तर पश्चिम भारत में मानसून के आगमन में विलंब हुआ है। इसके बावजूद मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 27 जून मानी जाती है। अगले दो-तीन दिन में यह यहां पहुंचता है, तो ज्यादा विलंब नहीं माना जाएगा।

विभाग ने चेतावनी दी कि अगले चार से पांच दिनों में कोंकण क्षेत्र, गोवा और दक्षिण गुजरात में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और इन क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में भारत मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक सुरिंदर पॉल ने पुष्टि की कि मानसून पहले ही पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है और कई जिलों से बारिश की सूचना मिली है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights