मनीष अग्रवाल

सरसावा (सहारनपुर)। थाना सरसावा की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने रविवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल सहारनपुर में भर्ती कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले में लगातार गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को थाना सरसावा की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम चिलकाना रोड पर ग्राम इब्राहिमी कलरी जाने वाले रास्ते पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम इब्राहिमी कलरी की ओर से चिलकाना की तरफ आ रहे एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़ दी और तेज गति से चीनी मिल के पास इब्राहिमी अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर बाइक फिसलने से वह गिर गया। पुलिस के नजदीक पहुंचने पर आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णाराम पुत्र सुमारु, निवासी अमलोरी बस्ती, थाना नया नगर, जिला सिंगरौली के रूप में की है। वह वर्तमान में रेलवे स्टेशन के पीछे खाली प्लॉट, सरसावा में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना सरसावा में दर्ज दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना सरसावा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा, महिला उपनिरीक्षक अन्नू परिहार, उपनिरीक्षक देवकरण शर्मा, उपनिरीक्षक राजीव शर्मा, कांस्टेबल जगदीश कुमार, कांस्टेबल अखिलेश सिंह, महिला कांस्टेबल सरिता, महिला कांस्टेबल सुनीता और महिला रिजर्व कांस्टेबल संजना शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights