नीरज प्रजापति

व्यापारियों की शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट का बड़ा फैसला, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई, स्कूलों की ई-रिक्शाओं को समयानुसार संचालन की छूट।

मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्त लोहिया बाजार में जाम और कारोबार पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर व्यापारियों की नाराजगी आखिरकार रंग लाई। व्यापारियों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने लोहिया बाजार में सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक ई-रिक्शाओं के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले से बाजार में लगने वाले जाम से राहत मिलने और ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद जगी है। निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाली ई-रिक्शाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार जुर्माना भी भुगतना पड़ सकता है।

भगत सिंह रोड पर रोक के बाद लोहिया बाजार बना ई-रिक्शाओं का नया रास्ता

व्यापारियों का कहना था कि पूर्व में भगत सिंह रोड पर ई-रिक्शाओं के संचालन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में ई-रिक्शाओं ने लोहिया बाजार का रुख कर लिया था। इसके चलते बाजार की संकरी सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता गया। ई-रिक्शाओं की आवाजाही के कारण अक्सर जाम की स्थिति पैदा होने लगी, जिससे दुकानदारों के साथ-साथ खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।

जाम ने कारोबार पर लगाई चोट, ग्राहक बनाने लगे दूरी

व्यापारियों के मुताबिक, लोहिया बाजार में बार-बार लगने वाले जाम का सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा था। बाजार में आने वाले ग्राहक जाम और अव्यवस्थित यातायात से परेशान होकर दूसरे बाजारों का रुख करने लगे थे। त्योहारी सीजन में भी दुकानदारों को अपेक्षित ग्राहक नहीं मिल पा रहे थे। व्यापारियों का कहना था कि जिस बाजार में इस समय खरीदारों की भीड़ दिखाई देनी चाहिए, वहां जाम के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा था।

स्कूलों की ई-रिक्शाओं को राहत, समय के अनुसार होगा संचालन

व्यापारियों की शिकायतों और बाजार की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक ई-रिक्शाओं के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया। हालांकि, स्कूलों के बच्चों को लाने और ले जाने वाली ई-रिक्शाओं को पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं किया गया है। उनका संचालन स्कूलों के समय के अनुसार किया जा सकेगा।
प्रशासन के इस फैसले से व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights