विलय को लेकर वायरल पोस्ट पर राष्ट्रीय कमेटी का बड़ा एक्शन, चौधरी शाह आलम ने तत्काल प्रभाव से किया निष्कासित।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। संगठन की एकता और अनुशासन के नाम पर भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा की राष्ट्रीय कमेटी ने बड़ा और सख्त फैसला लेते हुए संगठन में हलचल मचा दी है। संगठन के विलय को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट का मामला राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने के बाद राष्ट्रीय प्रवक्ता नदीम खान पर कार्रवाई की गाज गिर गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने नदीम खान को राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से तत्काल प्रभाव से हटाते हुए उन्हें संगठन से निष्कासित करने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं, उनके साथ पूरी टीम को भी संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। राष्ट्रीय कमेटी के इस फैसले को संगठनात्मक अनुशासन और नेतृत्व के निर्देशों की अनदेखी के मामले में बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। संगठन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नदीम खान को राष्ट्रीय प्रवक्ता जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस पद पर रहते हुए उनके द्वारा संगठन के विलय को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल किए जाने का मामला सामने आया, जिसे राष्ट्रीय कमेटी ने गंभीरता से लिया। इस पूरे प्रकरण ने 17 नवंबर को आयोजित संगठन के कार्यक्रम में उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम के समक्ष कई महत्वपूर्ण तथ्य और संगठन से जुड़े विषय रखे गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने इसे संगठन की एकता, अनुशासन और कार्यप्रणाली से जोड़कर देखा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बिना देर किए कड़ा निर्णय लेने का ऐलान कर दिया।

पूरी टीम पर गिरी कार्रवाई की गाज

राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने स्पष्ट किया कि नदीम खान अब संगठन में राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे। उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने के साथ संगठन की प्राथमिक सदस्यता और जिम्मेदारियों से भी निष्कासित कर दिया गया है। उनके साथ जुड़े साथियों और पूरी टीम को भी संगठन से बाहर कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा में संगठनात्मक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय कमेटी के फैसले ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि संगठन के नाम पर किसी भी तरह की गतिविधि या सोशल मीडिया पर जारी किए जाने वाले संदेशों को लेकर नेतृत्व की अनुमति और संगठनात्मक अनुशासन महत्वपूर्ण है। फिलहाल राष्ट्रीय कमेटी के इस फैसले से संगठन में हलचल का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights