खेल के मैदान से जनगणना अभियान को मिली रफ्तार, अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता विजय तोमर का सम्मान, 30 नवंबर तक खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार का पूरा ब्योरा।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। राष्ट्रीय जनगणना-2027 को सफल बनाने की तैयारियों के बीच मुजफ्फरनगर में अब जागरूकता अभियान ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। जनगणना के आंकड़ों को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने खेल जगत और मीडिया को भी इस महत्वपूर्ण अभियान से जोड़ने की पहल की है। इसी कड़ी में चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में स्व-गणना जागरूकता कैंप आयोजित कर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और पत्रकारों को स्वयं अपनी गणना करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह के निर्देशन में जिला खेल कार्यालय और सूचना विभाग की ओर से आयोजित इस विशेष कैंप में स्व-गणना को जनभागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय एवं पैरा एशियन सिल्वर मेडलिस्ट खिलाड़ी विजय तोमर को सम्मानित कर खेल प्रतिभाओं के माध्यम से जनगणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने किया। इस दौरान विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को स्व-गणना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रशासन की मंशा है कि समाज में प्रभाव रखने वाले ये सभी वर्ग स्वयं पहल करें और आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित करें। कैंप में मास्टर ट्रेनर विक्रांत ने स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि किस प्रकार निर्धारित पोर्टल पर परिवार का विवरण दर्ज कर पंजीकरण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना का कार्य अधिक सरल, तेज और सटीक बनाया जा सकता है। इस अवसर पर प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह सहित जिला खेल कार्यालय एवं सूचना विभाग के कर्मचारियों ने भी स्वयं स्व-गणना की। कैंप में मौजूद लोगों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित किया गया। राष्ट्रीय जनगणना -2027 के अंतर्गत स्व-गणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी स्व-गणना पूरी करें, ताकि मुजफ्फरनगर की जनगणना प्रक्रिया में प्रत्येक परिवार की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights