mbbs-students-raised-awareness

जौनपुर, 07 सितंबर । यूपी के जौनपुर में उमनाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में इन्फ्लुएंजा (स्वाइन फ्लू) के प्रति आमजन को जागरूक करने और संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सोमवार को एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने मेडिकल कॉलेज परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को बीमारी के लक्षण और बचाव के उपाय बताए।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि बुखार, खांसी, जुकाम, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण होने पर सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने नियमित रूप से हाथों की सफाई करने, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकने, आवश्यकता के अनुसार मास्क का प्रयोग करने और संक्रमण के लक्षण होने पर दूसरों से उचित दूरी बनाए रखने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लेने और लक्षण गंभीर होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आरबी कमल ने कहा कि संक्रामक रोगों की रोकथाम में समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सही जानकारी और सावधानी से संक्रमण के प्रसार को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के जनजागरूकता प्रयास की सराहना की।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) एए जाफरी ने बताया कि मौसम में बदलाव और वायरल संक्रमण को देखते हुए अस्पताल में मरीजों की जांच, उपचार, दवाओं और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता की लगातार समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने लोगों से लक्षण होने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाई जा रही है। कार्यक्रम में डॉ. विनोद कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. आदर्श यादव, डॉ. मुदित चौहान, डॉ. पूजा पाठक, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. नितेश कुमार सहित चिकित्सा शिक्षक, विद्यार्थी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

————–

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights