encounter-4-arrested-with-hist

बहराइच, 19 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में सोमवार अलसुबह चोरी की वारदातों में शामिल शातिर अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर वैवाही रोड के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से एक हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरोह के दो सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस टीमें कांबिंग कर रही हैं।

एसपी बहराइच के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और खैरीघाट पुलिस सोमवार भोर में मुखबिर की सूचना पर वैवाही रोड के पास संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान दो चारपहिया वाहनों से कुछ संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो एक अर्टिगा कार से उतरकर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोली चलाई, जो बदमाश के पैर में लगी। वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने अर्टिगा कार में सवार तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरी कार में बैठे गिरोह के दो सदस्य पुलिस पर फायरिंग करते हुए वाहन पीछे कर फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

घायल आरोपी की पहचान खैरीघाट थाना क्षेत्र के अरनवा टिकुरी निवासी सम्भारी पुत्र भोखन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सम्भारी खैरीघाट थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान अरनवा टिकुरी निवासी महेश चौहान पुत्र नानकुन, मोहित लाल पुत्र बदलू और मोतीपुर थाना क्षेत्र के मीहीपुरवा रेलवे क्रॉसिंग निवासी अनिल विश्वकर्मा पुत्र बाकेलाल के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, अर्टिगा कार, पीली और सफेद धातु के जेवरात तथा नकदी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच समेत अन्य जनपदों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस बरामद सामान और आरोपियों से जुड़ी अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights