कानपुर, 26 अप्रैल । मन की बात कार्यक्रम से देशवासियों को निरंतर प्रेरणा और मार्गदर्शन मिल रहा है। इसके माध्यम से समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर मिलता है। मातृ शक्ति इस अभियान की सबसे मजबूत कड़ी है और उनका योगदान देश के विकास में अहम है। महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है। यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 133वें संस्करण को भाजपा कानपुर उत्तर की मातृ शक्ति ने उत्साहपूर्वक सुना। सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 120 पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा और जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर कार्यक्रम को सुना और प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसंवाद का सशक्त माध्यम है, जो देशवासियों को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के उत्थान, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर प्रयासरत है और विभिन्न योजनाओं के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने भी अपने विचार साझा किए और प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष प्रीति साहू, अभिमन्यु सक्सेना, विनीत पासवान सहित कई स्थानीय पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
