mahendra-pal-verma-two-brother

बांदा, 04 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना नरैनी क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो सगे मासूम भाइयों की हत्या के मामले में नामजद आरोपी पूर्व जिला पंचायत सदस्य और सपा नेता महेंद्र पाल वर्मा उर्फ राजू की मां एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुसुमा देवी वर्मा (75) का रविवार सुबह निधन हो गया। शनिवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बांदा शहर के एक निजी अस्पताल ले गए थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।

दिवंगत कुसुमा देवी वर्मा उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा की पत्नी थीं। वह स्वयं भी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुकी थीं और वर्ष 2010 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था।

पौत्र देवेंद्र पाल वर्मा ने बताया कि उनके पिता महेंद्र पाल वर्मा के खिलाफ दो मासूम भाइयों की हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद से उनकी दादी तनाव में थीं। इसी सदमे के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी और दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

इधर, सपा नेता महेंद्र पाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी मां की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि शनिवार को जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के भाई शिवचरण कुशवाहा कुछ असलहाधारियों के साथ उनके घर पहुंचे थे। महेंद्र पाल वर्मा के मुताबिक, शिवचरण कुशवाहा ने उनकी मां से उनके बारे में पूछा और कथित तौर पर उन्हें धमकी दी कि उनके बेटे महेंद्र पाल वर्मा का एनकाउंटर करा दिया जाएगा।

महेंद्र पाल वर्मा का आरोप है कि इस धमकी से उनकी मां सदमे में आ गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाबू सिंह कुशवाहा और उनके भाई की साजिश के तहत उन्हें दो मासूम भाइयों की हत्या के मुकदमे में झूठा फंसाया गया है।

महेंद्र पाल वर्मा ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights