देहरादून,04 मई । जनपद चमोली के निजमूला घाटी के गौणा-भनाली तोक में आकाशीय बिजली गिरने से चार साै से अधिक भेड़-बकरियों की माैत हाे गई। जिला प्रशासन की राजस्व, पशुपालन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने गांव पहुंच कर जांच पड़ताल की।
जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर संयुक्त टीम ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए पशुपालन विभाग के चिकित्सकों ने मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया, जबकि राजस्व एवं वन विभाग ने घटना की विस्तृत जांच कर स्थिति का आकलन किया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) चमोली, असीम देब ने बताया कि उक्त घटना में अभी तक 413 भेड़-बकरियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रतिकूल मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने को घटना का कारण पाया गया है।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
