lagaan-screening-extended

भारतीय सिनेमा की प्रतिष्ठित फिल्मों में शुमार आमिर खान अभिनीत ‘लगान’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। फिल्म की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर 12, 13 और 14 जून को इसे दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए अब निर्माताओं ने इसकी स्क्रीनिंग 18 जून तक बढ़ाने का फैसला किया है। इस संबंध में आमिर खान प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक घोषणा करते हुए दर्शकों का आभार जताया है।

निर्माताओं ने फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि दर्शकों के अपार प्रेम और समर्थन को देखते हुए ‘लगान’ की थिएट्रिकल स्क्रीनिंग 18 जून तक जारी रहेगी। वर्ष 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था। आमिर खान के साथ ग्रेसी सिंह, रघुवीर यादव, कुलभूषण खरबंदा, राजेश विवेक, यशपाल शर्मा और कई अन्य कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने दिया था, जिसके गीत आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।

ब्रिटिश शासनकाल की पृष्ठभूमि पर बनी ‘लगान’ एक ऐसे गांव की कहानी है, जो भारी कर (लगान) और सूखे की मार झेल रहा होता है। गांव वाले अंग्रेज अधिकारियों की क्रिकेट चुनौती स्वीकार कर अपने भविष्य की लड़ाई लड़ते हैं। फिल्म को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जबरदस्त सराहना मिली थी। ‘लगान’ को ऑस्कर के सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म वर्ग में नामांकन मिला था, वहीं इसने 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म’ सहित कई सम्मान अपने नाम किए थे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights