pankaj-tripathi-shares-candid-views-on-young-love

मुंबई, 25 नवंबर । अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने हिंदी सिनेमा में प्रेम कहानियों के बदलते स्वरूप पर अपनी बेबाक राय रखी है। उनका मानना है कि फिल्मों में दिखाई जाने वाली कम उम्र की कई प्रेम कहानियां वास्तविक प्रेम से ज्यादा शारीरिक आकर्षण और हार्मोन पर आधारित होती हैं।

एक इंटरव्यू में पंकज ने कहा कि हिंदी सिनेमा टीनएज प्रेम कहानियों पर काफी भरोसा करता है, जबकि उनके मुताबिक ये प्रेम कहानियां कम और हार्मोन का खेल ज्यादा होती हैं। उन्होंने कहा कि प्यार की गहराई को समझने के लिए उम्र के साथ अनुभव और परिपक्वता भी जरूरी है।

पंकज का मानना है कि असली और टिकाऊ प्रेम की शुरुआत जीवन के उस पड़ाव पर होती है, जब व्यक्ति खुद को और रिश्तों को बेहतर ढंग से समझने लगता है। उन्होंने कहा, “लव स्टोरी शुरू ही होती है 30-35 के बाद। उससे पहले जितनी कहानियां हैं, वो सिर्फ हार्मोन का असर होती हैं।” अभिनेता के अनुसार वह ऐसी प्रेम कहानियों का हिस्सा बनना चाहते हैं, जिन्हें वह खुद दर्शक के रूप में देखना पसंद करें। उनकी कोशिश ऐसी कहानियां पेश करने की है, जिनमें रिश्तों की भावनात्मक गहराई और समझ को जगह मिले।

पंकज पिछली बार फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ में नजर आए थे। इसमें उन्होंने लखनऊ में अकेले रहने वाले अधेड़ उम्र के रंजन दुबे का किरदार निभाया है। फिल्म में अदिति राव हैदरी ने हेलेन की भूमिका निभाई है, जो रंजन के घर काम करने आती है। फिल्म की प्रेम कहानी पर बात करते हुए पंकज ने इसे परिपक्व रिश्ते की कहानी बताया। उनके मुताबिक, इसमें केवल आकर्षण नहीं, बल्कि वास्तविक प्रेम को अधिक महत्व दिया गया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights