जेपी नड्डा का उत्तराखंड दाे दिवसीय दौरा: गूंजी में वाइब्रेंट विलेज परियोजना का निरीक्षण, करेंगे आदि कैलाश दर्शन

देहरादून, 17 मई (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगामी रविवार और सोमवार को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पिथौरागढ़ जनपद स्थित सीमांत गांव गूंजी और ज्योलिंगकोंग क्षेत्र का दौरा कर आदि कैलाश के दर्शन करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शनिवार को यह जानकारी साझा की। उन्हाेंने बताया कि जेपी नड्डा रविवार सुबह देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से सीधे गूंजी (पिथौरागढ़) के लिए रवाना होंगे।

गूंजी पहुंचकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों का प्रस्तुतीकरण देखेंगे और गूंजी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे सीमांत क्षेत्र ज्योलिंगकोंग से आदि कैलाश के दर्शन करेंगे। जेपी नड्डा गूंजी में महिला फेडरेशन द्वारा संचालित होमस्टे का भी भ्रमण करेंगे। रात को उनका प्रवास गूंजी में ही रहेगा।

दूसरे दिन सोमवार को वे देहरादून होते हुए दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जेपी नड्डा के इस प्रवास को प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया और उनके स्वागत की तैयारियों का जायजा लिया।

—–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights