गंभीर रूप से झुलसने के बाद चल रहा था उपचार, मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम, छतेला गांव में पसरा मातम।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जिस बेटी के ठीक होकर घर लौटने की उम्मीद में परिवार की आंखें अस्पताल के दरवाजे पर लगी थीं, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। तितावी थाना क्षेत्र के गांव छतेला में हुए दर्दनाक ट्रांसफार्मर हादसे में गंभीर रूप से झुलसी 15 वर्षीय सानिया आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में बेटी के स्वस्थ होने की दुआएं मांगी जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, गांव छतेला में कुछ समय पूर्व ट्रांसफार्मर फटने से भीषण हादसा हुआ था। इस हादसे में 15 वर्षीय सानिया गंभीर रूप से झुलस गई थी। हादसे के बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए भर्ती कराया था। किशोरी की हालत गंभीर होने के चलते लगातार उसका उपचार चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि समय के साथ उसकी हालत में सुधार होगा और वह जिंदगी की जंग जीतकर वापस घर लौट आएगी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। सानिया की मौत ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। बेटी को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घरवालों का दर्द देखकर आसपास के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। हादसे में घायल हुई किशोरी की असमय मौत से गांव छतेला में भी शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के बीच इस हृदयविदारक घटना को लेकर गम का माहौल है। महज 15 वर्ष की उम्र में सानिया की जिंदगी का इस तरह खत्म हो जाना पूरे गांव को झकझोर गया है। जिस उम्र में बच्चों के सपने आकार लेते हैं और परिवार को उनसे भविष्य की उम्मीदें होती हैं, उस उम्र में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार से उसकी बेटी छीन ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights