महावीर चौक से प्रकाश चौक तक निकली जागरूकता रैली, हरी झंडी दिखाकर सिविल जज डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने किया शुभारंभ।
बाल विवाह मुक्त भारत और सुरक्षित बचपन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की पहल।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को लेकर शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में जागरूकता की आवाज बुलंद हुई। बाल विवाह मुक्त भारत एवं सुरक्षित बचपन अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान महावीर चौक से प्रकाश चौक तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से समाज को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए इस कुप्रथा को समाप्त करने का संदेश दिया गया। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में 27 नवंबर को सुबह 10 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में न्यायिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों, पीएलवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि बाल विवाह के विरुद्ध सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना भी रहा। इस दौरान लोगों को यह संदेश दिया गया कि बच्चों का बचपन शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए है, न कि कम उम्र में विवाह जैसी जिम्मेदारियों के बोझ तले दबाने के लिए। डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बाल संरक्षण और बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, पीएलवी गौरव मलिक, धनीराम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर के साथ बाह्य न्यायालय बुढ़ाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलेक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में किया जाएगा। लोक अदालत में आपराधिक मामलों, धारा 138 एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाओं, टेलीफोन, बिजली एवं पानी के बिलों से संबंधित विवादों, वैवाहिक वादों, भूमि अधिग्रहण, राजस्व एवं सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर लंबित विवादों का निस्तारण कराने का अवसर मिलेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल में एक ओर बाल विवाह के विरुद्ध सामाजिक चेतना जगाने का प्रयास किया गया, वहीं दूसरी ओर आमजन को सुलभ न्याय की प्रक्रिया से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
