मनीष अग्रवाल

सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान द्वारा पुष्पांजलि विहार जनता रोड स्थित बाल गृह बालिका में निवासरत बालिकाओं से राखी बंधवाकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया।अरविंद कुमार चौहान द्वारा बालिकाओं से राखी बंधवाकर उन्हें उपहार भेंट किये गए। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी ने बाल गृह (बालिका) आवासीय का निरीक्षण कर वहां आवासित बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान बालिकाओं ने जिलाधिकारी को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। जिलाधिकारी ने बालिकाओं से राखी बंधवाकर उन्हें स्नेह, सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य का भरोसा दिलाया।जिलाधिकारी ने बालिकाओं से बातचीत करते हुए उनके रहन-सहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खान-पान तथा दैनिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बालिकाओं की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाल गृह में आवासित बालिकाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और परस्पर सुरक्षा का पावन पर्व है। बाल गृह में आवासित बालिकाएं का सर्वांगीण विकास, शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बालिकाओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा जीवन में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने हेतु प्रेरित कियाजिलाधिकारी ने बालिकाओं को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सम्मान प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाल गृह में साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं, शैक्षिक गतिविधियों तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बालिकाओं में भी विशेष उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा। जिलाधिकारी द्वारा उनके साथ आत्मीयता से संवाद किए जाने से बालिकाएं काफी प्रसन्न दिखाई दीं। जिलाधिकारी ने बालिकाओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights