पंजाब में हाल ही में हुए धमाकों के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी के तहत पंजाब के डीजीपी गौरव यादव अमृतसर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने प्रारंभिक जांच के आधार पर इस घटना के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का हाथ होने की आशंका जताई। वहीं, इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन दोहरे धमाकों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाए थे, जिन्हें डीजीपी ने खारिज कर दिया।

ISI का हो सकता है हाथ: DGP
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि रात करीब 10:50 बजे धमाके की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। प्रारंभिक जांच में ISI की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय प्रॉक्सी वॉर का सामना कर रहा है और ऐसी घटनाओं के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी संगठन ने आधिकारिक तौर पर जिम्मेदारी नहीं ली है।

CCTV फुटेज से मिले अहम सुराग
डीजीपी ने बताया कि जांच के लिए ह्यूमन इंटेलिजेंस, टेक्निकल इंटेलिजेंस और फॉरेंसिक टीमों सहित कई टीमें काम कर रही हैं। शुरुआती तौर पर यह लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट प्रतीत होता है और मौके से कुछ शार्पनल भी बरामद हुए हैं, जिससे IED के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं, लेकिन जांच के हित में उन्हें फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। मोबाइल फोन डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जालंधर की घटना से इसका कोई सीधा संबंध अभी तक सामने नहीं आया है।

DGP की युवाओं से अपील
खालिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे को डीजीपी ने संदिग्ध बताया और कहा कि यह किसी प्रोपेगेंडा का हिस्सा भी हो सकता है। अंत में उन्होंने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सतर्क रहें और किसी भी भ्रामक तत्वों के झांसे में न आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब पुलिस पूरी मुस्तैदी से जांच कर रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights