नई दिल्ली | मध्य पूर्व में भूचाल ला देने वाली घटना सामने आई है। इजरायल ने पहली बार कतर की राजधानी दोहा में सीधा हमला कर दिया। मंगलवार को किए गए इस हमले ने दुनिया को हिलाकर रख दिया है।इजरायल ने इस ऑपरेशन को “ऑपरेशन जजमेंट” नाम दिया और दावा किया कि निशाना हमास का शीर्ष नेतृत्व था। दोहा के डिप्लोमैटिक और वीआईपी इलाके वेस्ट बे लागून में ताबड़तोड़ हमलों में कई इमारतें दहल गईं।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक 5 से अधिक हमास सदस्य और एक क़तरी सुरक्षा अधिकारी मारे गए हैं। वहीं हमास के वरिष्ठ नेता खालिद माशाल और खालिल अल-हैय्या बाल-बाल बच गए। इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने साफ चेतावनी दी है कि “इजरायल का दुश्मन दुनिया के किसी भी देश में क्यों न हो, उसे मारा जाएगा। और गलती उसकी होगी जो इजरायल के दुश्मनों को पनाह देगा।”इस हमले से कतर भड़क गया है। उसने इसे अपनी संप्रभुता पर सीधा हमला बताया है और कहा है कि इससे उसकी शांति-स्थापना की भूमिका पर गहरी चोट पहुंची है। वहीं इजरायल ने पलटवार की किसी भी कोशिश पर कतर को दोबारा कड़े हमले की धमकी दी है।संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया। अमेरिका ने भी इजरायल के इस कदम को ‘ग़लत समय पर उठाया गया कदम’ बताया है। दुनिया भर की निगाहें अब कतर-इजरायल टकराव और उसके बाद की कूटनीतिक हलचल पर टिकी हैं। यह हमला न सिर्फ गाजा संघर्षविराम वार्ता को पटरी से उतार रहा है, बल्कि मध्य पूर्व की राजनीति में एक नए तूफान का संकेत भी दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights