हमीरपुर, 28 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कानपुर-सागर नेशनल हाइवे पर सोमवार रात हुए हादसे में चार बारातियों की मौत हो गई। मृतकों में सहबाला (दूल्हे का भाई) भी है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में मातम पसर गया। दुल्हन की विदाई नहीं हो सकी। यह हादसा एक तेज रफ्तार ट्रक की ईको वैन में सीधी टक्कर से हुआ। इसी वैन में दूल्हे का भाई और अन्य बाराती सवार थे। हादसे में तीन बराती भी घायल हुए है। । सूचना पाते ही डीएम अभिषेक गोयल व एसपी मृगांग शेखर पाठक मौके पर पहुंचे। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के डामर गांव निवासी रमाकांत कुशवाहा की शादी महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के पहरा गांव निवासी संतराम कुशवाहा की पुत्री अंजू के साथ तय हुई थी। सोमवार रात बारात गांव से निकासी के बाद निजी वाहनों से कबरई जा रही थी। दूल्हे का भाई शशिकांत उर्फ आशीष (२२) अपने रिश्तेदारों के साथ गांव के कमलेश यादव की ईको वैन से बारात जा रहा था। इको वैन मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव के पास पेट्रोलपंप के सामने पहुंची तो कबरई से कानपुर जा रहे गिट्टी से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी।
पुलिस ने बतय कि ाइससे वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दूल्हे के भाई शशिकांत, मोहन पुत्र रामसेवक, कमल यादव व रिठारी गांव निवासी जितेन्द्र की मौके पर मौत हो गई। वहीं उरदना गांव निवासी दिलीप कुमार पुत्र गणेश, तिन्दुही गांव निवासी रोहित पुत्र राधेश्याम व डामर गांव निवासी बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाते ही मौदहा कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान डीएम और एसपी भी पहुंच गए। पुलिस ने वैन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में भाई और नाते-रिश्तेदारों की मौत की सूचना मिलते ही दूल्हा रो पड़ा और दुल्हान के गांव में मातम पसर गया । शादी की रस्में सादगी के साथ संपन्न कराई गईं। दुल्हन की विदाई नहीं कराई गई । डीएम अभिषेक गोयल ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है वहीं तीन अन्य बाराती घायल हुए है। हादसे के बाद ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
