हीरो हॉकी इंडिया लीग 2026 के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण शुरू

– भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सभी पात्र खिलाड़ी कर सकते हैं पंजीकरण

नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने आज बहुप्रतीक्षित हीरो हॉकी इंडिया लीग (हीरो एचआईएल) 2026 के लिए खिलाड़ी पंजीकरण प्रक्रिया की शुरुआत की घोषणा की। पंजीकरण प्रक्रिया 19 मई 2025 को शाम 5 बजे से शुरू होकर 20 अगस्त 2025 को शाम 5 बजे तक चलेगी। 2024–25 के पुनः आरंभ सत्र की शानदार सफलता के बाद आगामी संस्करण और भी भव्य और प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है। पिछली बार 8 पुरुष और 4 महिला फ्रेंचाइज़ियों ने इसमें भाग लिया था।

इसके तहत पुरुष खिलाड़ी के तौर पर पंजिकरण के लिए भारत के अलावा, नीदरलैंड्स, बेल्जियम, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, अर्जेंटीना, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, मलेशिया और दक्षिण कोरिया के देश पात्र हैं। जबकि महिला खिलाड़ियों के लिए भारत के साथ नीदरलैंड्स, अर्जेंटीना, बेल्जियम, चीन, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम, न्यूजीलैंड, आयरलैंड, चिली, जापान, अमेरिका और स्कॉटलैंड देश पात्र हैं।

हॉकी इंडिया की ओर से भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए शुरू किए गए पंजिकरण लिंक जारी किया गया, जो

https://forms.gle/3rVoZdRXoozf9SHS6 है। पिछले सीज़न में 1,000 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था, जो लीग की वैश्विक लोकप्रियता और नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए मंच की भूमिका को दर्शाता है।

हॉकी इंडिया एवं हीरो एचआईएल संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ दिलीप टिर्की ने कहा, “हीरो हॉकी इंडिया लीग भारतीय हॉकी के लिए एक गेम चेंजर साबित हुई है। खिलाड़ियों और दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया ने हमें प्रेरित किया है कि हम 2026 संस्करण को और अधिक भव्य बनाएं। यह लीग न केवल भारत में हॉकी का स्तर ऊंचा कर रही है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी सशक्त बना रही है।”

हॉकी इंडिया के महासचिव एवं संचालन समिति सदस्य भोला नाथ सिंह ने कहा, “पुरुष और महिला दोनों लीगों की सफलता से खेल में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। हम भारत और विदेश के सभी योग्य खिलाड़ियों को आमंत्रित करते हैं कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और आगामी ऐतिहासिक सत्र का हिस्सा बनें।”

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights