तेज रफ्तार इनोवा ने ली युवक की जान, एक की मौत दूसरा गंभीर

बरेली, 26 जून (हि.स.) । शहर की सड़कों पर रफ्तार का कहर एक बार फिर मौत बनकर टूटा। बुधवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे कोतवाली क्षेत्र के अशोका फोम के पास तेज रफ्तार इनोवा कार ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार छोड़कर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है, जबकि सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपित की तलाश की जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वाले 48 वर्षीय वीरेंद्र कुमार और उनका 27 वर्षीय साथी आशीष उर्फ मोना, दोनों कैंट के सदर बाजार के रहने वाले थे। बुधवार रात दोनों स्कूटी से अशोका फोम क्षेत्र में लगे विश्व मंडल कॉलेज की नुमाइश में अपने भाई दीपक को खाना देने आए थे। खाना देकर लौटते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, टक्कर मारने वाली इनोवा कार सिविल लाइंस निवासी अग्रवाल मार्बल के मालिक मुकेश अग्रवाल के बेटे की बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी नाम की पुष्टि नहीं की है। कोतवाली प्रभारी अमित पांडे का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपित की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

मृतक वीरेंद्र के भाई दीपक ने बताया कि दोनों इलेक्ट्रिकल वायरिंग का काम करते थे और रोज की तरह बुधवार को भी वे उन्हें खाना देने आए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रात ज़िंदगी की आखिरी रात बन जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights