उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) की टीम ने एक गैस एजेंसी पर छापा मारकर कालाबाजारी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एजेंसी मालिक और मैनेजर समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

247 सिलेंडरों की मिस्ट्री- स्टॉक रजिस्टर से खेल उजागर
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध की खबरों के बीच जिले में गैस की भारी किल्लत चल रही है। मुस्करा थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव स्थित इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद DSO बृजेश शुक्ला और उनकी टीम ने अचानक छापेमारी की। जांच में सामने आया कि गोदाम से 247 गैस सिलेंडर गायब थे, जिनका कोई हिसाब नहीं मिला।

प्रिंटिंग प्रेस और स्टूडियो में गैस का गोदाम
जांच टीम को छापेमारी के दौरान हैरान करने वाली जानकारी मिली। एजेंसी के अलावा पुलिस और आपूर्ति विभाग ने प्रांशी स्टूडियो और कृष्णा प्रिंटिंग प्रेस पर भी छापा मारा। जहां से भारी मात्रा में गैस सिलेंडर, 30 रेगुलेटर और 35 चूल्हे के पाइप बरामद किए गए। पास के ही एक रिहायशी घर से भी 10 घरेलू और 19 कमर्शियल खाली सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

कालाबाजारी का नेटवर्क और जनता की परेशानी
कुरारा, सुमेरपुर और मुस्करा जैसे इलाकों में आम जनता एक-एक सिलेंडर के लिए तरस रही है, जबकि एजेंसी संचालक होटलों और निजी दुकानों पर ब्लैक में गैस की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने एजेंसी संचालक राकेश कुमार और मैनेजर अनिल कुमार समेत 5 लोगों पर FIR दर्ज की है। वहीं इससे पहले सुमेरपुर में भी 250 सिलेंडरों की हेराफेरी में एक बसपा नेता समेत 4 लोगों पर केस दर्ज हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights