काली मिर्च में मिलाए जा रहे थे हानिकारक तेल, हल्दी में मिला रंग

गोरखपुर, 18 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्वांचल की सबसे बड़ी मंडी साहबगंज में कानपुर से मंगाई जा रही थी नकली काली मिर्च व हल्दी को मुखबिर खास की सूचना पर फूड विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य डॉ सुधीर कुमार सिंह व मुख्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमाशंकर सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ एस एन यादव ने आज राजघाट थाना क्षेत्र के लाल डिग्गी के पास स्वास्तिक ट्रांसपोर्ट पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने काली मिर्च और हल्दी के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला हेतु जांच के लिए भेजा है।

सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि स्वास्तिक ब्रांड के काली मिर्च में हानिकारक तेल मिला पाया गया है। इसकी क्वालिटी भी बहुत खराब है। हल्दी में रंग मिला पाया गया है। दोनों ही स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इससे लिवर, किडनी पर प्रभाव पड़ता है। फिलहाल दो नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला हेतु जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इसके नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है। यह कार्रवाई कल से चल रही है। बिल वाउचर नहीं मिला था। सूचना मिली थी कि 125 बोरी नकली काली मिर्च बाजार में आया हुआ है। फिलहाल 15 बोरी काली मिर्च और हल्दी की तीन बोरी 50 किलो को भी सीज किया गया है। उनके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है, आगे बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights