ex-servicemen-remote-areas

देहरादून, 11 मई । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित लोक मिलन कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया।

लोक मिलन कार्यक्रम में उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार एवं देहरादून जनपदों से आए बीस व्यक्तियों ने विभिन्न समस्याएं व सुझाव राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में भूमि विवाद, रोजगार उपलब्ध कराए जाने, ग्राम विकास कार्यों में सहयोग, आर्थिक सहायता तथा अन्य व्यक्तिगत एवं सामुदायिक मुद्दों से संबंधित प्रकरण प्रमुख रूप से उठाए गए। राज्यपाल ने सभी शिकायतों व सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण नियमानुसार एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने शिकायत निवारण अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी मामलों को संबंधित जिलाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रेषित कर शीघ्र समाधान की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन में समय-समय पर आयोजित होने वाले लोक मिलन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं, विशेषकर पूर्व सैनिकों को सीधे सुनना तथा उनके समाधान के लिए संवेदनशील एवं प्रभावी पहल करना है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी।

इस अवसर पर कई व्यक्तियों ने स्वलिखित पुस्तकें राज्यपाल को भेंट कीं। साथ ही वुशु में नेशनल फेडरेशन कप में पदक जीतने वाले उत्तराखण्ड के बच्चों ने राज्यपाल से भेंट की। राज्यपाल ने बच्चों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त यूथ गेम्स में पदक विजेता पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इन छात्राओं ने नेपाल में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में अंडर-17 एवं अंडर-14 वर्ग में पदक प्राप्त किए हैं। राज्यपाल ने छात्राओं को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन कर रही हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights