सरस्वती विद्या मंदिर योग महाविद्यालय में एनएसएस का वृक्षारोपण अभियान
नीरज प्रजापति
मुजफ्फरनगर। पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से सरस्वती विद्या मंदिर योग एवं स्वास्थ्य विज्ञान महाविद्यालय, जानसठ रोड में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण की पहल नहीं, बल्कि अपनी माँ के प्रति सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का भी संकल्प है। अभियान के माध्यम से हर व्यक्ति को अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि तेजी से बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक संरक्षित रखने की अपील की। उनका कहना था कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर हरित और स्वच्छ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। पूरे आयोजन में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने सक्रिय सहयोग किया, जिससे वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
