नीरज प्रजापति
बुढ़ाना में गोदाम पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो से तीन कुंतल पटाखे जब्त, वासु का नाम आया सामने, मुकदमा दर्ज करने की तैयारी।
मुजफ्फरनगर। त्योहारों के दौरान पटाखों की मांग और अवैध भंडारण को लेकर पुलिस की सख्ती के बीच बुढ़ाना कस्बे में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने एक बंद पड़ी दुकान के गोदाम पर छापेमारी कर पटाखों का भारी जखीरा बरामद किया है। गोदाम के भीतर इतनी बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का सामान मिलने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद पटाखों का वजन करीब दो से तीन कुंतल बताया जा रहा है, जबकि उनकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई में एक ऐसे गोदाम का खुलासा हुआ, जहां बाहर से दुकान बंद नजर आ रही थी, लेकिन अंदर पटाखों का बड़ा भंडार रखा हुआ था। पुलिस को लंबे समय से यहां पटाखों की बिक्री और भंडारण किए जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से कार्रवाई की और गोदाम पर छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को अलग-अलग प्रकार के पटाखों का बड़ा स्टॉक मिला। इसके बाद पुलिस ने मौके से बरामद पूरा सामान अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में वासु पुत्र सोराज, निवासी खटीक वाला कुआं का नाम सामने आया है। पुलिस बरामद पटाखों के स्रोत, उनके भंडारण और बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी है।
कार्रवाई के बाद कस्बे में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का सामान किसकी अनुमति से और किन परिस्थितियों में गोदाम में रखा गया था।
फिलहाल पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस कारोबार से कौन-कौन लोग जुड़े थे और पटाखों की सप्लाई कहां से की जा रही थी। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
