मुख्यमंत्री ने सामाजिक कार्यकर्ताओं को बताया सरकार और समाज के अंतिम व्यक्ति के बीच महत्वपूर्ण सेतु, पत्र मिलने पर शिवसेना जिलाध्यक्ष ने जताया आभार।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मुजफ्फरनगर में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा को भेजा गया विशेष पत्र राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र में बिट्टू सिखेड़ा के सामाजिक सरोकारों, जनसेवा के प्रति समर्पण और समाज के जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने के प्रयासों की सराहना की गई है। मुख्यमंत्री का पत्र प्राप्त होने पर बिट्टू सिखेड़ा ने इसे अपने लिए सम्मान और गौरव का विषय बताते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2 अक्टूबर 2026 को लोक भवन, लखनऊ से जारी पत्र में बिट्टू सिखेड़ा को संबोधित करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की। पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज की वास्तविक शक्ति उन नागरिकों से बढ़ती है, जो निःस्वार्थ भाव से समाज के हित में कार्य करते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु होते हैं। वे लोगों की समस्याओं को समझकर उनकी आवाज उचित मंच तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र में प्रदेश की पूर्ववर्ती कानून व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया, गुंडाराज और अराजकता का प्रभाव था। जनहित की आवाज उठाने वालों के सामने भय और दबाव का वातावरण रहता था। वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराधियों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई और मजबूत पुलिसिंग के माध्यम से नागरिकों को निर्भय वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। पत्र में मुख्यमंत्री ने गरीबों, वंचितों, वृद्धों, दिव्यांगों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को सरकार और समाज का साझा प्रयास बताया। मुख्यमंत्री का यह पत्र मिलने पर बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि यह उनके लिए महज एक पत्र नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति जिम्मेदारियों और संकल्प को और अधिक मजबूत करने वाली प्रेरणा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह जनता की आवाज बुलंद करने, समाज के हितों की रक्षा करने और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेंगे। बिट्टू सिखेड़ा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प और जनहित ही सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री की ओर से मिले इस प्रोत्साहन को उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights