up-prayagraj-water-conservatio

प्रयागराज, 20 नवंबर । जल संरक्षण और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा का उपयोग समाज में जागरूकता फैलाने और जनहित के कार्यों में करना चाहिए। यह बातें शुक्रवार को कौशाम्बी जिले के बारा गांव में आयोजित आउटरीच गतिविधि के दौरान इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. अश्वजीत चौधरी ने कही।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आइक्यूएसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के संरक्षण में किया गया।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी और उनसे बचाव के उपाय बताए। इसके बाद पोस्टरों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के बीच सर्वेक्षण भी किया। इसके लिए प्रश्नावली के माध्यम से गांव में पानी की उपलब्धता, जल संचयन और संरक्षण से संबंधित जानकारी जुटाई गई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने गांव के बच्चों से संवाद किया और उन्हें स्टेशनरी सामग्री भेंट की। गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए विद्यार्थियों को छह समूहों में बांटा गया था। प्रत्येक समूह का नेतृत्व एक शोधार्थी ने किया।

इस अवसर पर विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. राम अवतार यादव, डॉ. हरिनाथ कुमार, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. रवि सूर्यवंशी और डॉ. शिव गोपाल उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights