अधिकारियों-कर्मचारियों से खुद आगे आने की अपील, प्रतिदिन लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जनपद में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान की रैंकिंग लगातार गिरने पर प्रशासनिक स्तर पर चिंता जताई गई है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, स्वयं पहल करने और अधिक से अधिक लोगों की स्वगणना कराने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद की गिरती रैंकिंग को प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए इसे सामूहिक जिम्मेदारी बताया गया है। जारी संदेश में कहा गया है कि स्वगणना अभियान में मुजफ्फरनगर की रैंकिंग दिन-प्रतिदिन नीचे जा रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। यह किसी एक विभाग, अधिकारी अथवा कर्मचारी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे जनपद के प्रशासनिक तंत्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान में बेहतर प्रदर्शन जनपद के मान-सम्मान से जुड़ा है, इसलिए सभी को पूरी गंभीरता के साथ जुटना होगा। अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे स्वगणना अभियान को प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से इसकी समीक्षा करें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय रूप से प्रेरित करें। केवल बैठकों में निर्देश जारी करने अथवा औपचारिकता निभाने से लक्ष्य हासिल नहीं होगा, बल्कि धरातल पर उतरकर लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। संदेश में विशेष रूप से प्रतिदिन कम से कम कुछ लोगों से व्यक्तिगत संपर्क कर उनकी स्वगणना सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा गया है कि वे स्वयं आगे बढ़कर नागरिकों को इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान से जोड़ें तथा अपनी भागीदारी का प्रभाव दिखाई देने वाला प्रयास करें। जनपद की रैंकिंग में सुधार के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय, नियमित निगरानी और व्यक्तिगत प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों से सकारात्मक परिणाम देने की अपेक्षा जताते हुए अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights