anoop-awasthi-appointed-media-

कानपुर, 03 अक्टूबर । भाजपा के मीडिया विभाग में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन के कार्यक्रमों, अभियानों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्र के सभी जिलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर मीडिया के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर सामने लाया जाएगा। यह बातें शनिवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नवनियुक्त मीडिया संयोजक अनूप अवस्थी ने कही।

भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने देर रात संगठन के मीडिया विभाग में प्रदेश मीडिया संयोजकों, प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों की नियुक्ति की सूची जारी की। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में वरिष्ठ भाजपा नेता अनूप अवस्थी को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।

अनूप अवस्थी वर्ष 2020 से क्षेत्र में सह मीडिया प्रभारी के रूप में मीडिया गतिविधियों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न जिलों में पार्टी के कार्यक्रमों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने में उनकी भूमिका रही।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कानपुर स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें फोन और व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं दीं।

अनूप अवस्थी ने प्रदेश नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू और संगठन के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह सम्मान के साथ बड़ी जवाबदेही भी है। वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि मीडिया विभाग संगठन और समाज के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उनका प्रयास रहेगा कि भाजपा के संगठनात्मक कार्यों, जनसेवा के अभियानों और सरकार की उपलब्धियों को तथ्यात्मक, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से जनता तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने क्षेत्र के सभी जिलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन के अभियानों और गतिविधियों को व्यापक स्तर पर मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की बात कही। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनूप अवस्थी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और उनके संगठनात्मक एवं मीडिया अनुभव को उपयोगी बताया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights