फर्रुखाबाद,18 मई । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में कायमगंज स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में रविवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे मंडी परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। तेज हवाओं के चलने के कारण आग ने देखते ही देखते बिकराल रूप ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में कई फल व्यापारियों की दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। इस भीषण अग्नि कांड के कारण व्यापारियों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
स्थानीय दुकानदारों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समय आम का सीजन शुरू होने वाला है। इसी को देखते हुए व्यापारियों ने अपनी दुकानों में भारी मात्रा में नया बारदाना (पैकिंग का सामान) और अन्य कीमती सामान लाकर रखा था। लेकिन इस आग की चपेट में आने से सब कुछ नष्ट हो गया। इस हादसे में मुख्य रूप से फल विक्रेता नन्हे मियां, शानू खान, इफ्तार और अंबुज गंगवार की दुकानें पूरी तरह जल गई हैं। व्यापारियों का अनुमान है कि इस घटना में उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
भीषण अग्निकांड की सूचना पर स्थानीय फायर ब्रिगेड (दमकल) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। लेकिन आग इतनी भयानक थी कि एक गाड़ी से उस पर काबू पाना नामुमकिन साबित हो रहा था। हालात बिगड़ते देख एसडीएम अतुल कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन ने बिना वक्त गंवाए फर्रुखाबाद के साथ-साथ एटा जिले के अलीगंज से भी अतिरिक्त दमकल की गाड़ियां बुलाईं। काफी घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका।
इस घटना के बाद मंडी परिसर में भारी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। व्यापारियों में प्रशासन और मंडी प्रबंधन के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिला। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता और उमेश गुप्ता ने सीधे तौर पर मंडी समिति के सुरक्षा गार्डों पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है। व्यापारियों का कहना है कि अगर समय रहते आग की जानकारी मिल जाती, तो इतना बड़ा नुकसान होने से बचाया जा सकता था। पीड़ित व्यापारियों ने अब इस पूरे मामले की जांच करने, जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने और प्रभावित दुकानदारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
