जालौन में नीम के पेड़ से लटककर युवक ने लगाई फांसी

जालौन, 03 जून (हि.स.)। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत ऊमरी में मंगलवार सुबह एक युवक का शव खेत में नीम के पेड़ से फांसी पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 5 निवासी जितेंद्र परिहार (35) पुत्र अवलाख परिहार के रूप में हुई है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार जितेंद्र परिहार सोमवार शाम से ही घर से लापता था। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने एक खेत के किनारे बाइक खड़ी देखी तो उन्हें शक हुआ। जब पास जाकर देखा तो कुछ दूरी पर नीम के पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलने पर ऊमरी चौकी प्रभारी भरत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिवार वालों का कहना है कि जितेंद्र सोमवार को बिना कुछ बताए घर से निकल गया था। मृतक के परिवार में माता-पिता, एक भाई, पत्नी और तीन साल का बेटा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आत्महत्या के पीछे क्या कारण था, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। परिजनों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights