उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के खूजा गांव से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर उसका शव यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि महिला के शव की तलाश जारी है।

3 साल से चल रहा था अवैध संबंध
पुलिस के मुताबिक, आरोपी भूप सिंह यादव, निवासी लोहटीपर, पिछले तीन सालों से एक शादीशुदा महिला अनीता देवी (35) के साथ अवैध रिश्ते में था। अनीता का पति रामराज निर्मल मुंबई में काम करता था, इसी दौरान भूप सिंह ने उसे झांसे में लिया। भूप सिंह ने अनीता को ट्यूबवेल, जमीन और ट्रैक्टर देने का लालच देकर पति-पत्नी की तरह उसके साथ रहना शुरू किया।

डिमांड बढ़ी तो रच दी साजिश
समय बीतने के साथ अनीता ज्यादा पैसे और जमीन की मांग करने लगी, जिससे भूप सिंह परेशान हो गया। जब उसकी किसी और लड़की से शादी तय हो गई, तब अनीता उसके लिए रुकावट बनने लगी। भूप सिंह ने पुलिस को बताया कि अनीता उसके लिए बोझ बन गई थी, और शादी से पहले उसे रास्ते से हटाना जरूरी समझा।

शराब पिलाकर की हत्या, शव यमुना में फेंका
भूप सिंह ने कबूल किया कि उसने अनीता को बियर पिलाई, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को यमुना नदी में फेंक दिया।

परिवार को हुआ शक, पुलिस ने की जांच
नवंबर 2024 में भूप सिंह ने अनीता को खागा थाना क्षेत्र के एक किराए के कमरे में रखा था और वह वहां उसका पति बनकर आता-जाता था। 11 दिसंबर 2024 के बाद अनीता अचानक लापता हो गई और उसका फोन भी बंद हो गया। जब काफी दिनों तक कोई खबर नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पूछताछ में भूप सिंह टूट गया और उसने पूरा सच बता दिया।

पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी भूप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। महिला के शव की तलाश यमुना नदी में जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights