मुजफ्फरनगर। केशवपुरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में ऐतिहासिक सफलता हासिल कर शिक्षा जगत में अपनी अलग पहचान बना ली है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों ही परीक्षाओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का मान बढ़ाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य कौशल आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में 108 में से 107 विद्यार्थी सफल रहे, जो लगभग शत-प्रतिशत परिणाम को दर्शाता है। इनमें से 92 छात्रों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की। हाईस्कूल में पलक सैनी ने 566 अंक (94.33%) प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर परचम लहराया। वहीं जयदीप पुण्डीर ने 552 अंक (92%) के साथ द्वितीय स्थान और यश ने 542 अंक (90.33%) के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा सक्षम कुमार (89.83%) और वैष्णवी (87.5%) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विषयवार प्रदर्शन में भी विद्यार्थियों ने कमाल किया, जहां यश ने गणित में 99 अंक प्राप्त कर उत्कृष्टता दिखाई, वहीं पलक सैनी ने कला विषय में 99 अंक प्राप्त कर रिकॉर्ड बनाया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में भी विद्यालय का प्रदर्शन सराहनीय रहा। 83 में से 78 छात्र सफल हुए, जिनमें 69 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की।
इंटरमीडिएट में श्लोक सागर ने 431 अंक (86.2%) प्राप्त कर विद्यालय टॉप किया, जबकि भूमि कुच्छल ने 427 अंक (85.4%) के साथ दूसरा स्थान और हर्षित गर्ग ने 422 अंक (84.4%) के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके साथ ही दक्ष त्यागी (84.2%) और जिया (84%) ने भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विषयवार उत्कृष्टता की बात करें तो हर्षित गर्ग ने गणित में 94 अंक, भूमि कुच्छल ने कंप्यूटर में 94 और लेखाशास्त्र में 92 अंक प्राप्त किए। वहीं श्लोक सागर ने हिन्दी में 88 अंक और हर्षित गर्ग ने रसायन विज्ञान में 93 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अभूतपूर्व सफलता के बाद विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है। प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और अभिभावकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
