crime-daughter-suicide-letter-cj

न्यू अगर नगर की गली नंबर 6 रविवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी, जब एक रिटायर्ड फौजी पिता ने अपने ही जवान बेटे को मौत के घाट उतार दिया। मामला अवैध संबंधों और जमीन-जायदाद के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी पिता सुरिंदर सिंह ने अपने 38 वर्षीय बेटे गुरशरण सिंह उर्फ रिक्की पर 12 बोर की दोनाली बंदूक से अंधाधुंध गोलियां चलाईं।

खूनी खेल की पटकथा करीब 3 साल पहले हुई थी शुरू
खून से लथपथ गुरशरण जान बचाने के लिए गलियों में भागता रहा, लेकिन बेरहम पिता ने उसका पीछा किया और उसे तब तक गोली मारता रहा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। इस रूह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता घर लौटा और सल्फास खाकर अपनी जीवनलीला भी समाप्त कर ली। पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के मुताबिक, इस खूनी खेल की पटकथा करीब तीन साल पहले शुरू हुई थी। भारतीय सेना से हवलदार के पद से रिटायर हुए सुरिंदर सिंह की पत्नी की पांच साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद वह एक बैंक में गार्ड के तौर पर काम करने लगा। करीब तीन साल पहले उसका संपर्क मुल्लांपुर दाखा की एक महिला से हुआ, जिसके साथ उसके प्रेम संबंध बन गए। धीरे-धीरे सुरिंदर अपनी प्रेमिका के जाल में ऐसा फंसा कि उसने अपनी करोड़ों की जमीन बेचकर सारा पैसा उसे दे दिया। जब बेटे गुरशरण ने पिता की इन हरकतों और अवैध संबंधों का विरोध किया, तो घर में आए दिन क्लेश होने लगा। हालत यह थी कि पिता अपने बेटे को रास्ते से हटाने के लिए उसे जबरन नशा छुड़ाओ केंद्र तक भिजवा देता था।

गोलियों की आवाज सुनकर दहशत फैल गई
वारदात वाली रात जब पिता-पुत्र खाना खा रहे थे, तभी किसी बात को लेकर बहस छिड़ गई। गुस्से में पागल हुए सुरिंदर ने अपनी दोनाली बंदूक निकाली और बेटे पर फायर झोंक दिया। पहली गोली गुरशरण की बाजू में लगी, जिसके बाद वह अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर गलियों की तरफ भागा। लेकिन सिर पर सवार खून के कारण सुरिंदर ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और गलियों में दौड़ते हुए उस पर गोलियां चलाता रहा। करीब 280 मीटर दूर जाकर जब गुरशरण निढाल होकर गिर पड़ा, तो पिता ने उसे मौत की नींद सुला दिया। इलाके में गोलियों की आवाज सुनकर दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। वारदात के बाद सुरिंदर सिंह चुपचाप घर आया, दरवाजा अंदर से बंद किया और जहर खा लिया। सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो सुरिंदर बेहोशी की हालत में पड़ा था, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा लिए हैं और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights